रेप, रोती हुई लड़की, तनावग्रस्त लड़की
- फोटो : डेमो फोटो
बुलंदशहर हाईवे गैंगरेप घटना की आग अभी शांत भी नहीं हुई है कि जिले के बृहस्पतिवार की रात एनएच-31 पर एक महिला के साथ गैंगरेप की कोशिश की गई। हालांकि गश्त कर रही पुलिस की सक्रियता ने उनके इरादे नाकाम कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस मामले में फेफना थाने में मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया गया।
पुलिस कार्यालय में शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में एसपी मनोज कुमार झा ने इसका खुलासा करते हुए बताया कि गड़वार थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 26 वर्षीय महिला पारिवारिक कलह से क्षुब्ध होकर बृहस्पतिवार की रात करीब 11 बजे अपने मायके कोलकाता जाने के लिए फेफना होते हुए बलिया स्टेशन के लिए पैदल ससुराल से निकल पड़ी।
रात के करीब 1.30 बजे वह फेफना थाना क्षेत्र के कपिलेश्वरी भवानी मंदिर से 100 मीटर पहले पहुंची ही थी कि एक ढाबा से खाना खाकर दो युवक बाइक से अपने गांव आ रहे थे। अकेली महिला को देखकर उनकी नीयत खराब हो गई और उन्होंने उसे पकड़ लिया और धमकाते हुए जबरिया सड़क के किनारे अंधेेरे में ले गए और रेप करने का प्रयास कर रहे थे।
इसी दौरान गश्त कर रही पुलिस उधर से गुजर रही थी जिसे देखकर महिला ने शोर मचाया। महिला के शोर मचाने की आवाज सुनकर थानाध्यक्ष उमेश यादव अपने हमराहियों के साथ पहुंचे गए। जहां दोनों आरोपियों को धर-दबोचा। पकड़े गए आरोपियों में शहर कोतवाली क्षेत्र के हैबतपुर निवासी शैलेश तिवारी पुत्र स्व. काशीनाथ तिवारी तथा भूपेंद्र कुमार राय पुत्र स्व. उमाकांत राय है। इन दोनों पर फेफना थाने में मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया गया। आरोपियों के पास से एक बाइक भी बरामद की गई। एसपी ने पूरे टीम को पांच हजार रुपये देने की घोषणा की।