थाना क्षेत्र के कोटवा चमड़ा गोदाम के पास स्थित आटा-चक्की के साथ ही सीमेंट-बालू तथा गिट्टी की दूकान में रविवार की रात चोरों ने पीछे से नकब लगाकर नगदी सहित हजारों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया।
दूकानदार जब सोमवार की सुबह दूकान खोलने पहुंचा तो उसे चोरी की जानकारी हुई। पीड़ितों ने पुलिस को चोरी की तहरीर दे दी है। बैरिया थाना क्षेत्र के भरत छपरा निवासी अशोक कुमार गुप्ता की कोटवा स्थित चमड़ा गोदाम के पास आटा-चक्की और बिल्डिंग मैटेरियल की दूकान है।
रविवार की शाम अशोक अपनी दूकानें बंदकर घर चले गए। रात में किसी पहर चोरों ने दूकान के पीछे से नकब लगाकर अंदर प्रवेश किया। चोरों ने दूकान से दो बैट्री, पांच कुंतल मक्का, वजन तोलने वाला बाट तथा आटा चक्की पर रखे अन्य उपकरण और 5000 रुपये नगदी पर हाथ साफ कर दिया।
दूकानदार ने जब सोमवार को दूकान खोला तो अंदर का नजारा देखकर सन्न रह गया। इसके बाद उसने जांच पड़ताल की तो दूकान के पीछे नकब लगा दिखा। पीड़ित ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध थाने में तहरीर दे दी है। इस संबंध में थानाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि घटना की तहरीर मिल गई है और मामले की छानबीन की जा रही है। जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।