बैरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग के टेंगरहीं ढाला से लगभग दो सौ मीटर पश्चिम बंधे के दक्षिण बबूल के पेड़ों के बीच रविवार की सुबह एक विवाहिता की लाश मिली। शौच गए एक ग्रामीण ने लाश देखा तो उसके होश उड़ गए। पुलिस ने शव को अपने कब्जे ले लिया। काफी प्रयास के बाद भी उसका शिनाख्त नहीं हो सकी।
रविवार की सुबह टेंगरहीं ढाले के समीप एक विवाहिता का शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। विवाहिता के शरीर पर गुलाबी रंग का कमीज और सफेद रंग का सलवार था। युवती के पैरों में पायल, बिछिया था। मांग में सिंदूर लगा था। उसके गर्दन में प्लास्टिक की रस्सी बंधी थी। शव के पास ही काले रंग का दुपट्टा पड़ा था, जिस पर लाल और हरे रंग की धारियां हैं।
शव के पास ही पांच लीटर का गैलन, जिस पर बैटरी के पानी का रैपर लगा था। बैटरी के पानी के डिब्बे पर आजमगढ़ अंकित था। शव को देखने से आभास हो रहा था कि विवाहिता भीगी हुई है और आसपास की जमीन भी गिली थी। ऐसा प्रतीत हो रहा था कि विवाहिता को जलाने का भी प्रयास किया गया था। विवाहिता के शरीर पर किसी प्रकार का चोट का निशान नहीं पाया गया।
बताया जाता है कि जांच प्रभावित करने के लिहाज से युवती के गले में रस्सी का फंदा डाला गया है। मौके पर सीओ त्रयंबक नाथ दुबे एसओ संजय सिंह और मौजूद रहे। सीओ ने बताया कि युवती की हत्या अन्यत्र करके यहां लाश को ठिकाने लगाया गया है। अभी तक युवती की शिनाख्त नहीं हो पाई है।