डबल मर्डर के मामले में पांच लाख की सुपारी लेकर गवाहों को जान से मारने आए चार अंतरप्रांतीय बदमाशों को उभांव पुलिस ने सोमवार की शाम दबोचा। पकड़े गए अपराधियों के पास से दो पिस्टल, दस कारतूस के साथ ही चोरी की दो बाइक बरामद की गई है। पकड़े गए अपराधियों ने हत्या और लूट की कई वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पकड़े गए अपराधियों का पुलिस ने संबंधित धाराओं में चालान कर दिया। अंतरप्रांतीय अपराधियों का खुलासा मंगलवार को एसपी राजू बाबू सिंह ने किया।
एसपी ने बताया कि डबल मर्डर के मामले में गवाहों की हत्या की सूचना मुखबिर से मिली थी। सोमवार की शाम को उभांव थाना क्षेत्र के अखोप नहर पुल पर अपराधी गोलबंद होकर किसी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। इसकी भनक लगते ही पुलिस ने अपराधियों को दबोचने की योजना बनाई। पुलिया के निकट पहुंचते ही बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर झोंकना शुरू कर दिया। लेकिन पुलिस ने घेरेबंदी कर चार बदमाशों को पकड़ लिया।
पकड़े गए लोगों में प्रमुख नरहीं थाना क्षेत्र के चौबे के पुरा निवासी सत्येंद्र यादव है। उसके पास से एक पिस्टल और एक कारतूस बरामद किया गया। सत्येंद्र पर शहर कोतवाली और सुखपुरा थाने में हत्या और लूट का मुकदमा दर्ज है। इसके अतिरिक्त बिहार का दुर्दांत अपराधी संतोष कुमार थाना बड़हरिया जिला सिवान को एक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस के साथ दबोचा गया। संतोष पर सिवान में हत्या और लूट के आठ मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बलिया कोतवाली क्षेत्र के हरपुर निवासी राहुल यादव को चोरी की बाइक और तीन जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया।
उभांव थाना क्षेत्र के ससना बहादुरपुर ग्राम निवासी सोनू को एक बाइक और तीन जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए अपराधियों ने कई अपराधों में शामिल होना कबूल किया। अपराधियों ने बताया कि 31 अगस्त 2014 में मऊ के बसपा नेता परशुराम तिवारी और उनके पिता बिंदेश्वरी तिवारी दोहरा हत्याकांड के गवाह विजय शंकर तिवारी और आनंद तिवारी निवासी बासतराव (मऊ) की हत्या के लिए उन्हें पांच लाख रुपये की सुपारी मिली थी। यह रकम हत्याकांड के दो आरोपियों ने दी थी।
हत्याकांड में एक अपराधी फरार चल रहा है। जिस पर उप्र पुलिस ने 15 हजार और बिहार पुलिस दस हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस ने चारों अपराधियों का संबंधित धाराओं में चालान कर दिया। अपराधियों को दबोचने वाली टीम में एसओ उभांव नन्हे राम सरोज, स्वाट प्रभारी राजकुमार सिंह तथा आरक्षी अरुण यादव, राम निहाल, विजय तिवारी, मनोज यादव, अनूप सिंह सहित अन्य हमराही पुलिस शामिल रहे है।