थाना क्षेत्र के गड़वार-सुखपुरा रोड पर थुभाउत्तम गांव के पास सोमवार की रात असलहों से लैस नकाबपोश बदमाशों ने एक दवा विक्रेता को मारपीट कर 19 हजार नकदी समेत आभूषण, स्मार्ट फोन लूट कर फरार हो गए। चीख पुकार पर ग्रामीण मौके पर जुट गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन अज्ञात लुटेरों के खिलाफ संबंधित धारा में मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के थुभाउत्तम गांव निवासी बेचन कुशवाहा की गड़वार कस्बे में दवा की दुकान है। रोज की भांति वह दूकान बंद कर बाइक से घर जा रहे थे। गड़वार-सुखपुरा के रास्ते थुभाउत्तम गांव के पास पहले से तीन की संख्या में लाठी-डंडा तथा असलहे से लैस बदमाशों ने पहले बेचन को रुकने का इशारा किया। अभी वह कुछ समझ पाते कि बदमाशों ने उनसे बाइक की चाबी छीन ली और मारने पीटने लगे। इस बीच उन्होंने बेचन से 19 हजार नकद, गले में पहने सोने की चेन, एक स्मार्ट फोन, एक साधारण फोन, साथ दूकान तथा बाइक की चाबी छीनकर खेत के रास्ते फरार हो गए। चीखपुकार सुन आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंच पुलिस को सूचना दी। इसके बाद बेचन को चिकित्सक के यहां पहुंचाया गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर तीन अज्ञात लुटेरों के खिलाफ संबंधित धारा में केस दर्ज कर लिया है।