बिहार से मंगलवार की देर रात मांगलिक कार्यक्रम में शिरकत कर लौट रहे पूर्व ब्लाक प्रमुख की स्कार्पियो सासाराम के पास करहगर में ट्रक से टकरा गई। जिसमें नरहीं गांव के एक अधेड़ की मौत हो गई। जबकि पूर्व ब्लाक प्रमुख समीर राय गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची बिहार पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। जबकि घायल को वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया। इस घटना से गांव में शोक का माहौल है।
बताया जाता है कि नरहीं निवासी सोहांव विकास खंड के पूर्व ब्लाक प्रमुख समीर राय बादल मंगलवार को बिहार के कोचस जिला स्थित एक गारा गांव मांगलिक कार्यक्रम कार्यक्रम में स्कार्पियो से शिरकत करने के लिए गए हुए थे। देर रात कार्यक्रम से वापस होते समय स्कार्पियो सासाराम जिले के करहगर गांव के पास ट्रक से टकरा गई।
इस घटना में स्कार्पियो में सवार नरहीं निवासी 50 वर्षीय नथुनी खरवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 40 वर्षीय पूर्व ब्लाक प्रमुख समीर राय गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेते हुए घायल समीर राय का प्राथमिक उपचार कराने के बाद वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर भिजवाया। उधर, घटना के बाद ट्रक चालक और खलासी फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर परिवार वाले वाराणसी के लिए रवाना हो गए।