बलिया। फेफना पुलिस ने रविवार की रात एक बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस ने बंद पड़े एक ईंट भट्ठे के पास से चोरी की पांच बाइक बरामद की। एक वाहन चोर को भी पकड़ा है।
रविवार की रात थानाध्यक्ष श्याम जी यादव को मुखबिर से सूचना मिली कि मन्नोपुर गांव के समीप बंद पड़े ईंट भट्ठे के पास चोरी की पांच बाइक रखी गई हैं। उसे वाहन चोर बेचने के फिराक में हैं। इसके बाद थानाध्यक्ष हमराहियों के साथ संबंधित स्थान पर पहुंच गए। इलाके को घेर लिया और छानबीन शुरू की।
मौके से चोरी की पांच बाइक के साथ नगरा थाना क्षेत्र के सरैया बगडौरा निवासी विपिन राजभर पुत्र रमाशंकर राजभर को गिरफ्तार कर लिया गया। एसओ ने बताया कि अभियुक्त के दो साथियों बगडौरा निवासी अजय उर्फ गोलू हरिजन और
बैरिया थाना के सुरेमनपुर गंगापार निवासी अजय उर्फ अंकित तिवारी को गड़वार पुलिस ने 28 नवंबर को ही गिरफ्तार कर लिया था। एसओ ने बताया कि गिरफ्तार साथियों की जमानत के लिए पैसा जुटाने के लिए अभियुक्त बाइक बेचने की फिराक में था। पुलिस टीम ने थानाध्यक्ष श्याम जी यादव के साथ उप निरीक्षक वीरपाल सिंह और प्रमोद कुमार यादव, कांस्टेबल नर्वेश मिश्रा, अखिलेश यादव, प्रभाकर यादव, संजय यादव, अवधेश यादव, मनोज यादव, स्वाट टीम के राम निहाल यादव व अतुल सिंह रहे।