दो थाना क्षेत्रों में हुई सड़क दुर्घटनाओं में बाइक की टक्कर से एक वृद्धा की मौत हो गई। जबकि स्कूली वाहन पलट जाने से 10 बच्चे घायल हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जबकि घायल बच्चों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। दो की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
रसड़ा- बेल्थरारोड मार्ग के परसियां चट्टी पर गुरुवार को देर शाम बाइक की टक्कर से वृद्धा इन्दासो ग्राम की पार्वती चौहान (65) की मौत हो गई। दोपहर को वह बैंक से पेंशन लेकर घर आने के लिए ऑटो पर बैठ रही थी कि परसियां चट्टी के पास नगरा की तरफ से बेल्थरारोड जा रही बाइक ने टक्कर मार दी। चट्टी पर मौजूद ग्राम प्रधान शेर बहादुर के सहयोग से लोगों ने उन्हें पीएचसी नगरा पहुंचाया, जहां महिला की नाजुक स्थिति को देखते हुए डाक्टरों ने सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया।
रसड़ा:कोटवारी मार्ग स्थित इमामिया स्कूल मोड़ के समीप शुक्रवार की सुबह स्कूली बच्चों से भरा टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया। जिससे दस बच्चे घायल हो गए। रोजाना की तरह कोतवाली क्षेत्र के मंदा गांव के बच्चे टेंपो से पढ़ने के लिए मिरनगंज स्थित एक प्राइवेट स्कूल जा रहे थे कि स्कूल मोड़ के समीप टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया। बच्चों की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे और टेंपो में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। घायलों में समीर (11) पुत्र मुन्ना चंदन (11) पुत्र बेचन राम, बिट्टू कुमार (10) पुत्र जितेन्द्र कुमार को गंभीर रूप से घायल हुए। जबकि काजल (8) अर्चना (6), आंचल (4) पुत्रीगण गौतम सुधीर (8) पुत्र गोरख हिमांशु (9 ) शीलू कुमारी (10) सुमित राजा (6) शामिल हैं।
कोतवाली क्षेत्र के डेहरी निवासी टेंपो चालक भीम कुमार बाल बाल बच गया। सभी घायल बच्चे मंदा गांव के हैं। इलाज के दौरान समीर और चंदन की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।