नगरा-गड़वार मार्ग पर रविवार की रात ददरी मेले में जा रही एक बस को पीछे से दूसरी बस ने टक्कर मार दी। जिससे सात लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सभी घायलों का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगरा पर हुआ। घायलों में पांच की स्थिति गंभीर देख चिकित्सकों ने बलिया सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
नगरा से एक प्राइवेट बस श्रद्धालुओं को लेकर बलिया जा रही थी। अभी गोठाई चट्टी पर पहुंची थी और बस में अन्य सवारी बैठाई जा रही थी कि पीछे से आ रही एक दूसरी बस ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे ताड़ीबड़ा गांव निवासी उषा सिंह (45), बालचंद्र राम निवासी खुला देवी (42), इसी गांव की चिंता देवी (40) , सुधीर चौहान (45) , लाल बहादुर चौहान (48), सात वर्षीय रोशन चौहान के अलावे मधुबनी थाना क्षेत्र के टेकारी निवासी (42) वर्षीय चंद्रकला गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
टक्कर की आवाज सुन आसपास के ग्रामीण जुट गए और घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगरा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने चंद्रकला और लाल बहादुर को छोड़कर पांच अन्य को सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने टक्कर मारने वाली बस का शीशा आदि तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया।