नगरा-भीमपुरा मार्ग पर स्थित सराफा कारोबारी के घर से बुधवार की रात डेढ़ लाख के आभूषण सहित अन्य कीमती सामान चोरी हो गए। बुधवार की रात किसी पहर कारोबारी के घर में घुसे चोरों ने आभूषण का बक्सा सहित अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। घरवालों को चोरी की जानकारी गुरुवार की सुबह हुई। पीडि़त ने पुलिस को चोरी की तहरीर दे दी।
नगरा कस्बा निवासी बलिराम प्रसाद का मकान भीमपुरा मार्ग पर स्थित है उसी में उन्होंने सराफा की दूकान भी खेला है। बुधवार की शाम बलिराम दूकान बंद कर भोजन करने के बाद सो गए। रात में किसी समय मौका पाकर चोर घर के पीछे से छत पर चढ़कर अंदर घुस गए। चोरों ने एक कमरे का ताला तोड़ा और उसमें रखा एक बक्सा उठा ले गए।
कारोबारी की माने तो बक्से में सोने की दो चेन, एक मंगलसूत्र, एक झुमका, चार अंगूठी के अलावा 10 हजार नकद रुपये थे। गुरुवार को जब कारोबारी सोकर उठे तो उन्होंने कमरा खुला देखा और जांच करने पर बक्सा गायब मिला। काफी तलाश के बाद बक्सा पड़ोसी की छत पर टूटा हुआ मिला।
लेकिन उसमें का सारा सामान गायब था। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इसकी तहरीर पीडि़त ने पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।