बीएसए का फर्जी हस्ताक्षर बनाकर परिषदीय स्कूल में सहायक अध्यापक बने एक नटवरलाल की सेवा समाप्त करते हुए बीएसए डॉ. राकेश सिंह ने मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया है। प्रकरण में संलिप्तता को देखते हुए संबंधित स्कूल के प्रधानाध्यापक को भी निलंबित कर दिया गया है।
बता दें कि प्रदेश में 16448 शिक्षकों की चयन प्रक्रिया के तहत 29 अगस्त 2016 को जनपद में 326 सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र बीएसए डॉ. राकेश सिंह द्वारा निर्गत किया गया था। नवनियुक्त शिक्षकों ने 30 अगस्त को संबंधित स्कूलों पर पदभार भी संभाल लिया। इसी बीच, बीएसए डॉ. राकेश सिंह को पता चला कि उनके फर्जी हस्ताक्षर से नियुक्ति पत्र तैयार कर नगरा थाना क्षेत्र के इसारी सलेमपुर निवासी पिन्टू कुमार राम पुत्र नन्हकू राम शिक्षा क्षेत्र चिलकहर के प्रावि चौकारी पर कार्यभार ग्रहण किया है।
बीएसए डॉ. राकेश सिंह ने बताया कि जांचोपरांत यह तथ्य सामने आया कि उक्त युवक फर्जी तरीके से सहायक अध्यापक के पद पर कार्य कर रहा है। यही नहीं, फर्जीवाड़े के इस कृत्य में उक्त विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुरेश यादव की भूमिका भी परिलक्षित हुुई। बीएसए ने बताया कि फर्जी सहायक अध्यापक पिन्टू कुमार राम की न सिर्फ सेवा समाप्त कर दी गयी है, बल्कि उसके खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कराने का निर्देश खंड शिक्षा अधिकारी को दिया गया है। इसके अलावा प्रधानाध्यापक सुरेश यादव को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।