बैरिया थाना क्षेत्र के बीबी टोला में शनिवार को दोपहर बाइक सवार बदमाशों ने सेवानिवृत्त सैनिक से एक लाख रुपये लूट लिया।
वारदात उस समय हुआ जब सेवानिवृत्त सैनिक इलाहाबाद बैंक के रानीगंज शाखा से एक लाख रुपये निकालकर घर जा रहा था। घटना की तहरीर पीड़ित ने पुलिस को दे दी है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
बैरिया थाने के तालिबपुर निवासी सेवानिवृत्त सैनिक अलगू प्रसाद शनिवार को इलाहाबाद बैंक के शाखा रानीगंज से एक लाख रुपये निकाले थे। इस राशि से उन्हें अपनी बेटी की शादी का सामान खरीदना था।
वह बाजार से पलंग और बक्सा देखने के बाद अपने घर वापस आ रहे थे। इसी बीच बाइक सवार दो बदमाशों ने उसके हाथ से एक लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया।
इस दौरान लुटेरों ने उन्हें शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दी। वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार बदमाश बैरिया की ओर भाग निकले।
सूचना पर मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी सुरेशचंद्र रावत, थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने पीड़ित से घटना के बारे में जानकारी लेने के साथ छानबीन में जुट गई। इस मामले में पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दे दी है।