फर्जी बैंक अधिकारी बनकर खाताधारक से एटीएम कोड की जानकारी लेकर 15 हजार रुपये उड़ाने का मामला प्रकाश में आया है। इसकी भनक लगते ही खाताधारक के होश उड़ गए। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। बैंक अधिकारी बनकर एटीएम कोड के जरिए खाते से पैसा उड़ा देने वाले जालसाजों का गिरोह सक्रिय है।
ऐसी घटनाएं अक्सर सुनने के बाद भी लोग इनकी चिकनी चुपड़ी बातों के झांसे में आ रहे हैं। क्षेत्र के तिरनई खुर्द ग्राम के चकिया मौजा निवासी नरसिंह कुमार के मोबाइल पर मंगलवार को फोन आया। फोन करने वाले ने अपने को बैंक अधिकारी बताकर नरसिंह से खाते के बाबत जानकारी मांगी। नरसिंह ने फोन करने वाले फर्जी बैंक अधिकारी को अपने एटीएम कोड की जानकारी दे डाली।
बुधवार को जब नरसिंह सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की बेल्थरारोड शाखा में पैसा निकालने गया तो खाते से पैसा गायब देख वह चौंक पड़ा। भुक्तभोगी ने पुलिस को घटना की सूचना देते हुए जालसाज को पकड़ने की गुहार लगाई है ।