भरौली। चार दिन में दो चोरियों का अभी खुलासा हुआ भी नहीं था कि चोरों ने पुलिस को धता बताते हुए 31 अगस्त की रात इलेक्ट्रानिक की दूकान में हाथ साफ कर दिया। पुलिस पीकेट से मात्र 60 मीटर की दूरी पर हुई चोरी से व्यापारियों में दहशत व्याप्त है।
भरौली गोलंबर पर रामभजन सेठ की इलेक्ट्रानिक सामान बेचने एवं रिपेयर करने की दूकान कटरे में है। कल रात लगभग नौ बजे उनका लड़का दूकान बंद कर घर चला गया। आज सुबह जब रामभजन ने दूकान खोला तो दूकान में सारा सामान बिखरा पड़ा था। ठीक से देखने पर पता चला कि 10 मोबाइल सेट लैपटाप का हार्ड डिस्क लगभग 5 हजार रूपये के रीचार्ज कूपन सहित अनेक छोटे छोटे सामान गायब थे। चोरी की जानकारी होते ही दुकान पर अन्य दुकानदारों की भीड़ लग गई। हालांकि दूकान का सटर भी नहीं तोड़ा गया था। फिर भी चोरी हो गई। जिससे अन्य दुकानदार भयभीत हैं। मौके पर डाग स्क्वायड एवं फोरेंसिक विभाग की टीम जांच करने पहुंची। डाग स्क्वायड की टीम अशोक यादव एवं फोरेंसिक टीम का नेतृत्व आरबी यादव कर रहे थे।