बैरिया। तहसील के पूर्ति निरीक्षक दिनेश सिंह के साथ बुधवार को कुछ दबंगों द्वारा तहसील परिसर में ही मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि इस घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों व कर्मचारी संगठन को दी जा रही है। मारपीट करने वालों में एक जनप्रतिनिधि के परिवार के सदस्य के शामिल होने की बात बताई है।
पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि टेंगरही गांव के कोटे की दुकान के खिलाफ शिकायत आई थी, जिसकी जांच के लिए वह गया था। जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता उक्त गांव का कार्डधारक ही नहीं है। बुधवार को दोपहर बाद तीन-चार लोग उनके पास आए और दूकान को निलंबित करने का दबाव बनाने लगे। विवशता जताने पर उनलोगों ने निरीक्षक से मारपीट की। कहा कि हमलावर के पीठ पर मजबूत राजनीतिक हाथ है, बल्कि उनमें से एक जनप्रतिनिधि के परिवार के सदस्य थे। पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि वह इस मामले में जिलाधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी तथा कर्मचारी संगठन को जानकारी देंगे और उनके निर्देश पर आगे की कार्रवाई करेंगे। जिला पूर्ति अधिकारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि बैरिया में पूर्ति निरीक्षक के पीटे जाने के बाबत उन्हें कोई जानकारी नहीं मिली है। सूचना मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।