बलिया। रेवती-सहतवार मार्ग पर दो अप्रैल की शाम छिनैती करने में असफल रहे बदमाशों ने बाइक सवार को गोली मार दी थी। जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। युवक की माता पुष्पा देवी की तहरीर पर सहतवार पुलिस ने गुरुवार को अज्ञात दो बदमाशों के विरूद्घ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दिया। लेकिन अब तक दस दिनों बाद भी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी। जिससे पुलिस के कार्यशैली पर सवालिया निशान उठने लगे है।
ज्ञात हो कि गड़वार थाना क्षेत्र के चिलकहर गांव निवासी अभिषेक सिंह (30) उसी गांव के दीपक सिंह व डिम्पी दो अप्रैल को एक ही बाइक से रेवती किसी रिश्तेदारी में गए हुए थे। जहां से तीनों बाइक पर सवार होकर रेवती से सहतवार होते हुए गांव जा रहे थे। जैसे ही सहतवार थाना के जिन्न बाबा स्थान के पास पहुंचे थे कि दो बदमाशों ने बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया। लेकिन जब वह विफल दिखे तो बदमाशों ने बाइक चला रहे युवक अभिषेक पर गोली चला दी। जो युवक के गले में जा लगी। बाइक पर बैठे दोस्तों ने उसे बाइक पर बैठाकर सीधे जिला अस्पताल पहुंचाया था। जहां से चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर देख वाराणसी रेफर कर दिया था। तीन अप्रैल को युवक की मां पुष्पा देवी के तहरीर पर सहतवार पुलिस ने दो अज्ञात बदमाशों के विरूद्घ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दिया, लेकिन अभी तक उन्हें गिरफ्तार नहीं कर सकी। इस बाबत बांसडीह सीओ अशोक सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। शीघ्र ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।