दो अलग-अलग सड़क हादसे में एक की मौत, तीन घायल
बैरिया। थाना क्षेत्र के सुरेमनपुर-दुर्जनपुर मार्ग पर स्थित धर्मबाग गांव के सामने शुक्रवार देरशाम सड़क दुर्घटना में सुरेमनपुर निवासी अमन तिवारी 18 पुत्र कामेश्वर तिवारी की मौत हो गई और उसका रिश्तेदार घायल हो गया। वहीं, शनिवार देरशाम रानीगंज बाजार-सुरेमनपुर मार्ग स्थित मधुबनी में अनियंत्रित वाहन के पलटने से चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जाता है कि सुरेमनपुर निवासी अमन तिवारी शुक्रवार देरशाम अपने रिश्तेदार दयाछपरा निवासी भरत तिवारी (19) के साथ सुरेमनपुर से अपने घर जा रहा था। उस समय बारात के वाहन भी तेजी से जा रहे थे। इसी बीच सामने एक सांड़ आने से अमन की बाइक अनियंत्रित होकर बंधे के नीचे उतर गई और एक पेड़ से टकरा गयी। अमन व भरत को घायल अवस्था में परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा ले गए जहां चिकित्सकों ने भरत का इलाज किया और गंभीर हालत देख अमन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल जा रहे थे। रास्ते में ही अमन ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, शनिवार देरशाम रानीगंज बाजार के तरफ से मधुबनी जा रहा फोर्ड गाड़ी मधुबनी में अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में चालक हरेराम वर्मा (26), अन्नू शर्मा (32) गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने 108 नंबर एंबुलेंस को फोन किया लेकिन एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंचा तो ग्रामीणों ने बाइक से ही घायलों को सीएचसी सोनबरसा पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।