मनियर( बलिया)। फ्लाइंग मजिस्ट्रेट की टीम ने रविवार की रात बांसडीह कोतवाली चौराहे से चेकिंग के दौरान स्वीफ्ट डिजायर गाड़ी से 9 लाख 50500 रुपये बरामद किया। वहीं, गाड़ी को सीज कर बरामद रुपए को ट्रेजरी में जमा कराया।
जानकारी के अनुसार रविवार की रात फ्लाइंग मजिस्ट्रेट रामायण राम अवर अभियंता सिंचाई मनियर, दरोगा कमलेश कुमार सिंह, कांस्टेबल विनोद कुमार, हरिश्चंद्र यादव, अजीत कुमार सिंह, बांसडीह चौराहे पर लोकसभा चुनाव के मद्देनजर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच रात करीब 1:15 बजे सहतवार की तरफ से स्वीफ्ट डिजायर कार आती हुई दिखाई दी। पुलिस ने गाड़ी को रोककर चेक किया तो शराब की पेटी में 9 लाख 50500 मिला। जिसे फ्लाइंग टीम ने जब्त कर लिया। गाड़ी में बैठे शहर कोतवाली क्षेत्र के जनता मार्केट निवासी कृष्ण कुमार पांडेय पुत्र बब्बन पांडेय ने पूछताछ में शराब के ठेके का पैसा बताया। लेकिन पैसे का पेपर दिखाने में असमर्थता जताई। जिसके बाद फ्लाइंग टीम ने अचार संहिता के उल्लंघन के तहत कार्रवाई कर गाड़ी को सीज कर दिया। वहीं बरामद रुपए को ट्रेजरी में जमा कराया।