बांसडीहरोड। थाना क्षेत्र के ढोढ़वली गांव में शुक्रवार की शाम आग लगने से 11 झोपडि़यों में रखी नगदी सहित करीब चार दर्जन से अधिक हरे पेड़ जल गए। जबकि करीब चार एकड़ पतवार (मुंज) जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड एवं ग्रामीणों के अथक प्रयास बाद आग पर काबू पाया जा सका।
ढोढ़वली गांव निवासी बुद्धन राम शुक्रवार की शाम खेतों में काम करने गए थे। झोपड़ी के पास स्थित पतवार में अचानक आग लग गई। जिससे देखते ही देखते चार एकड़ के पतवार जलकर राख हो गए। इस दौरान बुधन राम के दो झोपड़ी, वीरेंद्र राम के दो, नवीर पासवान के तीन झोपड़ी एवं सुशील राम के तीन झोपड़ी में रखा लाखों रुपये के घरेलू सामान जलकर राख हो गया। अगलगी की घटना में नकदी, सोने, चांदी की जेवरात सहित सभी घरेलू सामान जलकर राख हो गए। सूचना पर पहुंचे फायर ब्रिगेड के जवानों एवं ग्रामीणों के अथक प्रयास बाद आग पर काबू पाया गया। ग्रामीणों की मानें तो ढोढ़वली गांव में लंबे समय से हीरोइन का कारोबार चलता है।
इससे पीने के लिए दूरदराज से नशेड़ी आते हैं । ग्रामीणों ने बताया कि नशेड़ी पतवार में आए दिन हीरोइन पीते हैं और आग की चिंगारी उड़कर आग लग जाती है। बताया कि एक वर्ष में पतवार में आग लगने की तीसरी घटना है। ग्रामीणों ने हीरोइन बिक्री पर रोक लगाने की मांग पुलिस अधीक्षक से की है।