रतसर। गड़वार थाना क्षेत्र के सिकरिया खूर्द गांव में रविवार को सायं एक बड़ा हादसा होते-होते बचा। जब ट्रांसफार्मर को प्राइवेट लाइनमैन 11 हजार वोल्ट की मेन लाइन से जोड़ रहा था, तभी सूचना के बावजूद विद्युत आपूर्ति चालू कर दी गई। समय रहते लाइन मैन ने सजगता दिखाई और खुद के साथ अन्य दर्जन भर लोगों को विद्युत के चपेट में आने से बचा लिया।
गांव को विद्युत आपूर्ति करने वाला ट्रांसफार्मर बीते आठ अगस्त को फुंक गया था। गांव के लिए 100 केवी का ट्रांसफार्मर शनिवार को विभाग द्वारा मिला, उसी को मेन लाइन से जोड़ने के लिए संबंधित प्राइवेट लाइनमैन उमेश राम, रतसर विद्युत उपकेंद्र से ब्रेकडाउन लेकर तार जोड़ रहा था। सहयोग के लिए गांव के दर्जनभर लोग उसके साथ थे । दो फेज जोड़ने के बाद जैसे ही तीसरे फेज को जोड़ने के लिए हाथ बढ़ाया, लेकिन शंका होने पर सभी अन्य को दूर भेज प्लास से तार को सटाया तो चिंगारी बिखरता देख सन्न रह गया। तार में विद्युत प्रवाहित होते देख गांव वाले आक्रोशित हो गए और सैकड़ों की संख्या में आकर उपकेंद्र का घेराव कर दिया । सूचना के बावजूद विद्युत आपूर्ति करने वाले कर्मी के खिलाफ आपराधिक मुकदमे लगें। लोगों को उग्र होते देख सभी विद्युत कर्मी भाग खड़े हुए। सूचना पर पहुंचे भाजपा उपाध्यक्ष विजय गुप्ता ने इसकी सूचना विभाग के उच्चाधिकारियों को दी। साथ ही वार्ता कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की । मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज सुरेंद्र सिंह ने गांव वालों को समझा बुझा कर मामला शांत कराया। सोमवार को ग्राम प्रधान सिकरिया खूर्द के साथ दर्जनों लोगों ने संयुक्त रूप से पुलिस को तहरीर देकर दोषी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।