बांसडीहरोड। विकास खंड दुबहर अन्तर्गत बभनौली गांव में प्रधानमंत्री आवास बनाने के नाम पर धांधली सामने आ रही है। आवास बनाने के नाम पर सेक्रेटरी एवं ग्राम प्रधान पर धनउगाही करने का आरोप है। बभनौली ग्राम पंचायत के नाराययनपुर गांव निवासी कमलेश्वरी देवी ने बताया कि आवास बनाने के लिए शासन से एक लाख 20 हजार रुपये स्वीकृत हुआ है। जबकि आवास का पहली किस्त 40 हजार रुपए मिली है। जिसमें ग्राम प्रधान एवं सेकेटरी ने मिलकर चार से पांच हजार रुपये ले लिए हैं। बताया कि ग्राम प्रधान एवं सेक्रेटरी का कहना है कि जब तक 24 हजार रुपये नहीं मिलेगा दूसरा किस्त नहीं आएगी। गांव की शांति देवी ने बताया कि प्रधान एवं सेकेट्री से पूछने पर कब दूसरी किस्त का पैसा आएगा तो कहना है कि बैंक में पता करो। बैंक पर जाने पर पता चलता है कि पैसा आया ही नहीं है। ऐसे में पूरा परिवार ठंड में प्लास्टिक के नीचे रहने को विवश हैं ।
बताया कि गांव में आधा दर्जन लोगों का आवास शासन द्वारा बनाया जा रहा है। लेकिन कुछ कर्मचारियों द्वारा आवास के नाम पर धनउगाही की जा रही है। ग्रामीणों की मानें तो ग्राम पंचायत में आवास चयनित करने एवं विकास के नाम पर काफी धांधली की गई है। जिसकी जांच होनी चाहिए। लाभार्थी मंसूर अली ने बताया कि पहला किश्त जो मिला है , उतना निर्माण किया गया है। लेकिन दूसरा किश्त नहीं आने से पलानी में रहने को विवश हैं।
कोट
पैसा लेने का मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। आवास के नाम पर कोई पैसा नहीं लगता है। अगर कोई भी व्यक्ति आवास बनाने के नाम पर पैसा लेता है तो कानूनी कार्यवाही की जाएगी। कुछ शिकायतें मिल रही है। अगर कोई लाभार्थी लिखित शिकायत करता है तो दोषी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
राजेश राय, बीडीओ, दुबहर।