रसड़ा। कोतवाली क्षेत्र के खिरौली (ब्राम्हणटोला) गांव में शुक्रवार को सुबह पलानी की ईंट की दीवार पर पोल की मरम्मत कराए जाने को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई। जिसमें लगभग एक दर्जन से भी अधिक लोग चुटहिल हो गए। इसबीच दो रिहायशी झोपड़ियों को भी आग लगाकर फूंक दिया गया। सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की टीम के साथ-साथ प्रभारी निरीक्षक जगदीशचंद्र यादव पुलिसकर्मियों को साथ लेकर मौके पर पहुंच गये। जहां काफी मशक्कत कर किसी प्रकार माहौल को नियंत्रित किया जा सका।
कोतवाली में प्रेषित तहरीर में पीड़ित पक्ष के भाजपा नेता सुरेश पांडेय ने आरोप लगाया है कि आबादी की भूमि में शुक्रवार की सुबह वे अपने ईंट की दिवार पर पीलर का मरम्मत करा रहे थे। तभी विपक्षी लाठी, डंडा व अन्य हथियार लेकर हमला कर दिए। इस बीच उनकी दो रिहायशी झोपड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया। इस दौरान उन लोगों ने देर तक हम लोगों के उपर पत्थरबाजी करते रहे। जिसमे दर्जनों चोटिल हो गए। इनमें से पांच व्यक्तियों में सुरेश पांडेय (35), सुरेंद्र पांडेय (60), हरेंद्र पांडेय (20), नितेश (21) तथा पप्पू पांडेय (36) को इलाज के लिए रसड़ा सीएचसी पहुंचाया गया। शेष मामूली रूप से घायल लोगों ने स्थानीय चिकित्सकों के यहां उपचार कराया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है। मामले को लेकर गांव में दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है।