बेल्थरारोड। उभांव थाना क्षेत्र के उभांव ग्राम में बीते 14 जून को बारात के आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान फायरिंग, पथराव और मारपीट की घटना के तीन आरोपियों ने शनिवार को कोर्ट में समर्पण कर दिया। इस मामले में 11 नामजद आरोपियों में से पांच को पहले ही पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि तीन ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। वहीं फरार चल रहे अन्य तीन आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
बता दें कि 14 जून की रात में मुन्ना राजभर के घर आई बारात के आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान फायरिंग, मारपीट, पथराव की घटना हुई थी। जिसमें आठ लोग गोली के छर्रे से घायल हो गए थे, जबकि एक महिला का पथराव से सिर फट गया था। सीएचसी से सभी घायलों को गंभीर स्थिति के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। इस मामले में पुलिस ने इंद्रासन राजभर की तहरीर पर 11 नामजद और अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। इस बाबत रसड़ा सीओ केपी सिंह ने बताया कि घटना के पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। जबकि पुलिस के भय से तीन आरोपियों ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। शेष तीन आरोपियों की तलाश की जा रही है।