मनियर। क्षेत्र के गंगापुर गांव के पास स्थित गैस एजेंसी के सामने बुधवार की शाम बस को ओवरटेक करते समय सवारियों से भरा टेंपो असंतुलित होकर विद्युत पोल से टकरा गया। इस हादसे में टेंपो पर सवार पिता-पुत्री समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनियर पहुंचाया, जहां इलाज के बाद गंभीर रूप से घायल ड्राइवर राजेश वर्मा को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
नेहता, सिकंदरपुर निवासी प्रियंका देवी (35) पत्नी शुभलाल व उनकी पुत्री आदिति (15) बुधवार को ट्रेन से बलिया उतरे थे। उन्हें रिसीव करने के लिए प्रियंका के पिता असना निवासी बलिराम राजभर (60) बलिया गए हुए थे। ट्रेन से उतरने के बाद प्रियंका ने रिजर्व टेंपो करके अपने पिता बलिराम राजभर के साथ मायके असना जा रही थी। टेंपो मनियर बलिया मार्ग के गंगापुर स्थित गैस एजेंसी के पास पहुंचा जहां टेंपो चालक बस को ओवर टेक करने लगा। इसी दौरान टेंपो असंतुलित होकर विद्युत पोल से टकरा गया। हादसा इतना जोरदार हुआ कि विद्युत पोल टूट कर केबिल के सहारे लटक गया और टेंपो के परखचे उड़ गए। टेंपो में बैठे सवारी चिल्लाने लगे। आसपास के लोगों ने फंसे लोगों टेंपो से बाहर निकाल कर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनियर पहुंचाया। जहां ड्राइवर राजेश वर्मा (22) पुत्र मुरारी वर्मा निवासी चितबड़ागांव की स्थिति गंभीर देख चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने टेंपो को कब्जे में ले लिया।