हल्दी। क्षेत्र के सीताकुंड गांव के पूरब स्थित काली मंदिर से चोर मां काली की सोने की 14 आंखें उखाड़ ले गए। इसको लेकर ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों की सूचना पर बुधवार को पुलिस मौके पर पहुंची। चोरी गई सोने की आंखों की कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई जा रही है।
सीताकुंड गांव के पूरब मां काली का मंदिर स्थापित है। मंदिर के अंदर मां काली की सात पिंडी स्थापित है, उन पिंडियों में कुल 14 सोने की आंखें लगाई गई थीं। चोरों ने रविवार की रात मां की तीन आंख, सोमवार की रात सात तथा मंगलवार की रात शेष सभी आंखों को चोर चुरा ले गये। मंदिर में लगातार हुई इस चोरी की घटना से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। गांव के मदन मोहन दुबे, अनिल तिवारी, आनंद पांडेय, अरविंद कुमार तिवारी, हेमंत कुमार पांडेय, अजय शर्मा, श्रीप्रकाश ओझा, रविशंकर शर्मा, अवधेश कुमार दुबे आदि ने बुधवार की सुबह पुलिस को लिखित सूचना दी। मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह ने ग्रामीणों से विधिवत जानकारी ली और मंदिर का निरीक्षण किया। उधर, ग्रामीणों ने बुधवार को मंदिर प्रांगण में बैठक की। जिसमें घटना की निंदा करते हुए पुलिस से मुकदमा दर्ज करने व तत्काल चोरों को पकड़ने की मांग की।