रसड़ा। कोतवाली क्षेत्र के बसतौरा दुगाई गांव में विदाई के समय बातों ही बातों में पट्टीदारों ने दूल्हे के पिता की जमकर पिटाई कर दी। घायल का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर कराया गया। इससे हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई।
गाजीपुर के बरेसर थाना के मलिकपुर गांव से लक्ष्मण (52) के पुत्र की बारात दुगाई श्यामलाल के यहां आई हुई थी। रात्रि में मांगलिक कार्यक्रम धूमधाम से हुआ। विदाई के समय किसी बात को लेकर लड़के पक्ष एवं श्यामलाल के पट्टीदारों के बीच कहासुनी होने लगी। बातों ही बातों में पट्टीदारों ने लक्ष्मण की जमकर धुनाई कर दी। इससे लक्ष्मण गंभीर रूप से घायल हो गया। बराती एवं घराती में तनाव उत्पन्न हो गया। जमकर हंगामा हुुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस आवश्यक कार्यवाही में जुट गई। प्रबुद्ध लोगों के समझाने पर किसी तरह लड़की की विदाई हुई। विदाई होते ही दोनों पक्षों ने राहत का सांस लिया।