बैरिया/दयाछपरा(बलिया)। थाना क्षेत्र के दया छपरा में सोमवार को आर्केस्ट्रा पार्टी के दौरान नर्तकियों से मारपीट का मामला सामने आया है। नर्तकियों ने कोतवाली में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया है कि आर्केस्ट्रा पार्टी के दौरान असामाजिक तत्वों ने मारपीट की तथा गाड़ी का शीशा तोड़कर नकदी समेत गले में पहने सोने की चेन व अन्य जेवरात छीन लिए। आर्केस्ट्रा के संचालक शिवनारायण बिंद ने बताया कि कई जगहों से कार्यक्रम करने के बाद 65 हजार रुपये अपने पास रखा था, लेकिन असामाजिक तत्वों ने उक्त रुपये भी छीन लिए।
बताया जाता है कि हल्दी थाना क्षेत्र के कठही गांव निवासी विश्वनाथ यादव के यहां से सोमवार की रात बैरिया थाना क्षेत्र के दयाछपरा निवासी हरेराम यादव के घर बारात आई थी, जिसमें गाजीपुर जिला थाना करीमुद्दीनपुर ग्राम उबरो निवासी आर्केस्ट्रा संचालक शिव नरायण बिंद ने अपनी दुबहर स्थित न्यू लक्ष्मी आर्केस्ट्रा को लेकर प्रोग्राम देने आया था, प्रोग्राम के दौरान लड़के के पिता ने किसी को भी मंच पर नहीं आने की हिदायत दी थी, लेकिन कुछ देर बाद गांव के कुछ असामाजिक तत्वों ने मंच पर चढ़ कर नर्तकियों को परेशान करने लगे। विरोध करने पर नर्तकियों को मारापीटा गया। जिसमें नर्तकी लक्ष्मी, रानी, पूनम को चोटें आईं, घायल नर्तकियों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा कराया गया। नर्तकियों ने आरोप लगाया कि हम लोगों ने एक-एक सोने की चेन पहनी थी, जिसे छीन लिया गया है। कोतवाल दीप कुमार सोनी ने बताया कि नर्तकियों के साथ मारपीट किए जाने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
इनसेट....
भांजी की शादी में आये मामा का फटा सिर
बैरिया। बकुल्हा गांव निवासी सत्यनरायण यादव ने थाना में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि सोमवार को लूरपुर थाना रेवती से बारात आई थी, इस दौरान आर्केस्टा चल रहा था, करीब डेढ़ बजे गांव के 20 से 25 लोग लाठी डंडे से लैस होकर आए और आर्केस्ट्रा हटाने को कहने लगे, विरोध करने पर मारपीट किए। जिसमें गोपालनगर निवासी मुसाफिर यादव अपनी भांजी के शादी में आया था, उसका सिर फट गया। बकुल्हा निवासी बुधन यादव को भी चोट आई है।