रसड़ा (बलिया)। बलिया मार्ग स्थित सड़ौली मोड़ पुलिया के समीप गुरुवार की दोपहर रोडवेज बस-डंपर की आमने सामने की भिड़ंत हो गई। बस का ड्राइवर कंडक्टर समेत आठ यात्री घायल हो गए। घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रसड़ा पर कराया गया, जहां से पांच लोगों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। उधर टक्कर मार कर कुछ दूरी पर डंफर खड़ा कर ड्राइवर फरार हो गया। पुलिस डंपर को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई।
आजमगढ़ डिपो की बस बलिया से सवारी लेकर आजमगढ़ जा रही थी। इस बीच रसड़ा की ओर से बलिया जा रहे आगे पीछे दो डंपर में एक डंफर तो बस से पास लेकर निकल गया जबकि दूसरा डंफर बलिया की तरफ से आ रही बस को टक्कर मारते हुए भाग निकला। टक्कर इतना जोरदार था की बस घूमकर सड़क के नीचे उतार गई। टक्कर लगते ही यात्रियों में रोने बिलखने की आवाज गूंजने लगी। आसपास के लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को सीएचसी रसड़ा पहुंचाया। इसमें आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि शेष यात्रियों को मामूली चोटें आईं। इसमें आजमगढ़ जनपद के जहानागंज थाना के रामपुर निवासी ड्राइवर चंद्रजीत यादव (55) पुत्र सकलदीप यादव इसी गांव निवासी कंडक्टर शशिभूषण सिंह (59) पुत्र कल्पनाथ सिंह, मऊ जनपद के कोपवा निवासी अंगद कुमार (22) पुत्र अशोक कुमार, मऊ प्यारेपुरा निवासी हेसामुद्दीन (50) पुत्र रेयाजुद्दीन, भीमपुरा थाना क्षेत्र के आरीपुर सरया रामदुलारे मौर्या (52) पुत्र जगदीश मौर्या, नगरा थाना के ककरी निवासी माला देवी (40) पत्नी दिनेश वर्मा, रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के सरायभारती निवासी भाजपा मंडल उपाध्यक्ष शशिभूषण सिंह (50) पुत्र राधे सिंह, सरायभारती निवासी श्रीप्रकाश जायसवाल (48) पुत्र गुलाब चंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने सभी घायलों को सीएचसी रसड़ा पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान ड्राइवर चंद्रजीत यादव, कंडक्टर शशिभूषण सिंह, माला देवी, रामदुलारे वर्मा एवं भाजपा नेता शशिभूषण सिंह की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। उधर, टक्कर मार कर भाग रहे डंफर चालक गुरगुजपुर संवरागांव के समीप डंपर खड़ा करके फरार हो गया। पुलिस डंपर को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। कोतवाल ज्ञानेश्वर मिश्रा ने बताया की अभी तहरीर नहीं मिली है तहरीर मिलेगी तो कार्रवाई की जाएगी।