बलिया। सहतवार थाना क्षेत्र के ग्राम सभा परसिया के बिजलीपुर गांव निवासी मोतीचंद की 18 दिसंबर की दोपहर तीन बाइक पर पहुंचे बदमाशों ने चाकू से हमला कर हत्या कर दी थी। इस मामले में मृतक के भाई फूलचंद यादव की तहरीर पर पुलिस रेवती थाना क्षेत्र के गंगा पांडेय के टोला निवासी अजय यादव सहित पांच अज्ञात के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुट गई। पुलिस के लगातार दबिश के कारण एक आरोपी ने कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। जबकि शेष आरोपी की तलाश पुलिस कर रही है।
सहतवार थाना क्षेत्र के परसिया ग्राम सभा के दीगर बिजलीपुर गांव निवासी मोतीचंद 18 दिसंबर की दोपहर अपने दरवाजे पर धूप में बैठे हुए थे। इसी बीच तीन बाइक पर सवार आधा दर्जन हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे और मोतीचंद से बातचीत करने लगे। कुछ पल में मोतीचंद व बदमाशों में कहासुनी हुई। इसी बीच बदमाशों ने मोतीचंद पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। हो-हल्ला सुन मोतीचंद की वृद्घ मां चांदमुनि देवी बेटे को बचाने पहुंची, उन्हें भी बदमाशों ने चाकू से वार कर लहूलुहान कर दिया था। चाकू के वार से घायल मोतीचंद लहूलुहान होकर गिर पड़े और कुछ ही देर में दम तोड़ दिया था। मृतक के भाई फूलचन्द यादव की तहरीर पर सहतवार पुलिस ने रेवती थाना क्षेत्र के गंगा पांडेय के टोला निवासी अजय यादव सहित पांच अज्ञात के विरूद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुट गई। इस मामले में एक आरोपी ने कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। जबकि शेष आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है। इस बाबत बांसडीह सीओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि एक आरोपी अजय यादव ने शुक्रवार को कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया है, शेष की तलाश जारी है।