बांसडीहरोड। थाना क्षेत्र के सुहवल गांव में रविवार की शाम पुलिस की पिटाई से एक वृद्ध की मौत होने का मामला प्रकाश में आया है। हालांकि पुलिस इसे स्वाभाविक मौत बता रही है। वैसे घटना के बाद कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई।
थाना क्षेत्र के सुहवल निवासी कमलेश्वर मिश्रा (85) एवं उसके पुत्र त्रिभुवन मिश्रा गांव के समीप बागीचे में रविवार की शाम मौजूद थे। मृतक के पुत्र त्रिभुवन ने बताया कि दो सिपाही बाइक से आये और गांजा बेचने के आरोप में उसे मारने पीटने लगे। इसी बीच उसके समीप बैठे उसके पिता कमलेश्वर मिश्रा को भी पुलिस वालों ने जमकर पीटा। जिससे पिता की मौके पर ही मौत हो गई। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी बांसडीह अशोक कुमार सिंह, बांसडीहरोड थानाध्यक्ष करुणेश कुमार सिंह सहित कई थानों की फोर्स मौके पर जुट गई। बांसडीहरोड थानाध्यक्ष का कहना है कि कमलेश्वर की मौत स्वाभाविक हुई है। जबकि मृतक के पुत्र कहना है कि उसने गांजा पीने के लिए रखा था। गांजा नहीं बेचता है। इस बाबत पुलिस अधीक्षक श्रीपर्णा गांगुली ने बताया कि मृतक के पुत्र ने तहरीर दिया है। जिसमें उल्लेख किया है कि पिता काफी वृद्ध थे। जिनकी स्वाभाविक मौत हुई है। उसे पोस्टमार्टम नहीं कराना है।