सिकन्दरपुर। कस्बा में सोमवार की शाम ड्रग इंस्पेक्टर जय सिंह के साथ पहुंची टीम ने दवा की दुकानों का औचक छापेमारी एवं सैंपलिंग की। इस दौरान अवैध दवा दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। औचक छापेमारी से कई दुकानदार दुकानें बंदकर भाग खड़े हुए। इस दौरान ड्रग इंस्पेक्टर ने जायसवाल मेडिकल स्टोर एवं आदर्श मेडिकल स्टोर में दवा के स्टॉक व लाइसेंस आदि की गहनता से जांच की।
टीम के सदस्यों ने दवाओं की सैंपलिंग भी की। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। जो निरंतर आगे भी चलता रहेगा। चेताया कि बिना लाइसेंस की दवा दुकानें अगर खुली पाई गई तो उनको सीज कार्य करने के बाद एफआईआर दर्ज कराया जाएगा। इस दौरान अविनाश राय, रामवचन वर्मा, अतुल कुमार आदि थे।