अमर उजाला ब्यूरो
धौलाकुआं (सिरमौर)। पांवटा वन मंडल के अंतर्गत आने वाले खारा के जंगल में शराब का अवैध कारोबार रोकने में पुलिस और वन विभाग नाकाम साबित हुए हैं। बार-बार शराब की भट्ठियां नष्ट करने के बावजूद यहां पर यह अवैध कारोबार फलफूल रहा है। सोमवार को पुलिस और वन विभाग की टीम ने खारा और कुकडो, खारा और लाए के जंगल में दबिश देकर एक दर्जन से अधिक शराब की भट्ठियां बरामद कीं। पुलिस ने वहां पर हजारों लीटर लाहण और कच्ची शराब की बरामद की है जिसे बाद में नष्ट किया गया।
गौरतलब है कि इन जंगलों में पुलिस और वन विभाग पहले भी दबिश दे चुकी है। कई बार शराब की भट्ठियां तहस-नहस कर दी गईं लेकिन कुछ ही अरसे के बाद इस गोरखधंधे से जुड़े लोग फिर सक्रिय हो जाते हैं। ताजा घटनाक्रम में पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने खारा, लाए और कुकडो के जंगल में दबिश दी। सुबह तड़के छापेमारी करते हुए टीम ने करीब एक दर्जन चलती भट्ठियां बरामद कीं। वहां पर तीन दर्जन ड्रम, चार हजार लीटर लाहण और 500 लीटर कच्ची शराब भी बरामद हुई जिसे टीम ने मौके पर ही नष्ट कर दिया।
ताज्जुब यह है कि हर बार की तरह इस बार भी इस गोरखधंधे से जुड़ा माफिया पुलिस या वन विभाग के हाथ नहीं लगा यानी छापेमारी की भनक लगने से पहले ही यह लोग वहां से फरार हो गए थे। वन रैंज पांवटा के आरओ कल्याण सिंह ने बताया कि सोमवार को सुबह सात बजे तीन कमेटियों को तैनात कर अलग-अलग स्थानों पर भेजा गया। आभी, खाला, शीशम, खाला, लाडा खाला और कुकडो जंगल में जल स्रोतों के समीप भारी मात्रा में लाहण और कच्ची शराब बरामद हुई। वन विभाग के बीओ बली राम, गयार सिंह, रजनीश सुरजीत, अनिता राकेश, संदीप, अवतार, अमिता, अंजू, सीमा, पुलिस विभाग से मुकेश कुमार व ओम प्रकाश टीम में शामिल रहे।