बैरिया। चकिया क्षेत्र के एक विद्यालय में एक सहायक शिक्षक द्वारा मोबाइल में छात्राओं को अश्लील फिल्म दिखाने के साथ अश्लील हरकत करने का मामला प्रकाश में आया है। इसकी सूचना पर बेसिक शिक्षाधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारी को जांच के लिए मौके पर भेजा। बीईओ ने प्रथम दृष्टया शिक्षक दोषी पाया है और शिक्षक के निलंबन की संस्तुति करते हुए बीएसए को रिपोर्ट भेज दी है।
शिक्षक पर आरोप है कि शिक्षक कक्षा चार और पांच की छात्राओं को मोबाइल पर अश्लील फिल्म दिखाता था। अश्लील हरकत भी करता था। आधा दर्जन छात्राओं ने परेशान होकर दो दिनों से स्कूल जाना बंद कर दिया था। सोमवार को छात्राएं स्कूल नहीं आईं। अभिभावकों ने कड़ाई से पूछा तो छात्राओं ने रोते हुए आपबीती बताई। अभिभावक विद्यालय पहुंचे तो उक्त शिक्षक विद्यालय से गायब था। अभिभावकों ने प्रभारी प्रधानाध्यापक कृपा शंकर चौहान से शिकायत की। प्रभारी प्रधानाध्यापक ने उच्चाधिकरियों को दी। पूर्व प्रधान शक्तिनाथ सिंह ने इसकी जानकारी विधायक सुरेंद्र सिंह को दे दी। विधायक ने इस घटना के संदर्भ में बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष राय से फोन कर कड़ी आपत्ति जताई और तत्काल कठोरतम कार्रवाई करने को कहा। इसके बाद बीएसए ने जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी को भेजा। खंड शिक्षा अधिकारी ने मामले की जांच की और आरोपों को सही पाया। उन्होंने आरोपी शिक्षक के निलंबन के संस्तुति के साथ रिपोर्ट बीएसए को भेज दी है। पीडि़त छात्राओं के अभिभावकों ने बैरिया थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
घटना की जानकारी मिली है। खंड शिक्षा अधिकारी हेमंत कुमार मिश्र को जांच के लिए मौके पर भेजा है। खंड शिक्षा अधिकारी की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आरोपी शिक्षक को निलंबित कर उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।-संतोष कुमार राय, बेसिक शिक्षा अधिकारी