बैरिया। क्षेत्र के कोटवां साई मंदिर के निकट रविवार को दो बाइक पर पकड़े गए 350 लीटर केरोसिन के मामले में जिलाधिकारी की संस्तुति के बाद पूर्ति निरीक्षक श्यामनाथ की तहरीर पर पुलिस ने पांच मिट्टी तेल कारोबारियों के खिलाफ ईसी एक्ट आदि में मुकदमा पंजीकृत किया है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और दो की तलाश में जुटी है।
तीन दिनों पहले बिहार प्रांत के ग्राम कवरू-धवरु मांझी निवासी दूधनाथ साह व मांझी निवासी राजाराम अलग-अलग दो बाइकों पर दो-दो सौ लीटर केरोसिन लादकर मांझी के तरफ जा रहे थे, जबकि मांझी निवासी एक अन्य बाइक सवार मिट्टी तेल खरीदने जा रहा था। मिट्टी तेल कारोबारी कोटवां के साईं मंदिन के पास पहुंचे ही थे कि गांव के दो लोग बाइक सवारों से वसूली कर रहे थे। इसी बीच भाजपा कार्यकर्ता निखिल उपाध्याय, अमित सिंह, मणिभूषण सिंह, कोटवां निवासी हृदयानन्द सिंह, डिग्री सिंह पहुंच गए तब तक वसूली करने वाले दोनों लोग फरार हो गए। लेकिन अवैध मिट्टी तेल कारोबारियों को पकड़ लिया। मिट्टी तेल के कारोबारियों में से एक कारोबारी ने बताया कि कोटवां के एक राशन दुकानदार से जबकि दूसरे कारोबारी ने कहा कि रेवती के राशन दुकानदार से मिट्टी तेल खरीदा गया है। कहा कि बिहार के सिर्फ मांझी के ही कई लोग रोजाना बाइक से हजारों लीटर मिट्टी तेल खरीदकर बिहार ले जाते हैं। यह भी बताया था कि मिट्टी तेल ले जाते समय बैरिया क्षेत्र में 100 नंबर पुलिस को भी सुविधा शुल्क देना पड़ता है। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची 100 नंबर पुलिस मिट्टी तेल कारोबारियों को हिरासत में लेकर थाने ले गई, जहां पुलिस ने पूछताछ की। पूछताछ के बाद जिलाधिकारी की संस्तुति पर पूर्ति निरीक्षक ने पकड़े गए तीनों आरोपियों के अलावा रानीगंज निवासी राजू व रेवती निवासी धनोज के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम व केरोसिन कंट्रोल ऑर्डर एक्ट के तहत मुकदमा कराया। पुलिस ने इस मामले में बुधवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया, जबकि दो की तलाश में जुटी है। इस बाबत क्षेत्राधिकारी बैरिया उमेश कुमार ने कहा कि इस मामले में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और शेष दो भी जल्द पकड़ लिए जाएंगे। मामले की विवेचना की जा रही है।