बेल्थरारोड। शनिवार को वाराणसी से भटनी जाने वाली पैसेंजर ट्रेन से यात्रा कर रहा युवक जहरखुरान गिरोह का शिकार हो गया। ट्रेन में बेहोश युवक को सहयात्रियों में बेल्थरारोड में उतार स्टेशन अधीक्षक को सूचना दी। जीआरपी की मदद से बेहोश युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां गंभीर स्थिति के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
उसके जेब से पासपोर्ट और हवाई यात्रा का टिकट मिलने के बाद उसकी शिनाख्त मनियर थाना क्षेत्र निवासी संतोष कुमार साहनी के रूप में की गई। सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंच गए। बताया जाता है कि युवक दुबई से आ रहा था। वाराणसी में पैसेंजर ट्रेन में सवार होकर घर जाने के लिए बेल्थरारोड आ रहा था कि इस दौरान ट्रेन में जहरखुरानों ने उसे नशीली वस्तु खिला दी और लूट लिया। उसका इलाज कराने के लिए परिजन अपने साथ लेकर चले गए।