बलिया। बैरिया कोतवाली क्षेत्र स्थित तिराहे पर शनिवार की शाम बाजार गए एक युवक को कुछ लोगों ने किसी बात को लेकर पिटाई कर दी। घायल के युवक को लेकर नजदीकी सीएचसी सोनवरसा पहुंचे जहां अस्पताल के बाहर सड़क पर विपक्षी के चाचा टहल रहे थे। जिन्हें देखते ही पीड़ित पक्ष के लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। जिससे वृद्ध भी गंभीर रुप से घायल हो गया। लोगों ने वहीं अस्पताल में उसे भी पहुंचाया जहां दोनों की हालत गंभीर देख चिकित्सकों जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि एक पक्ष की ओर से हवाई फायरिंग भी की गई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। घटना के पीछे जमीन का विवाद बताया जा रहा है।
बैरिया कोतवाली क्षेत्र के सोनवरसा निवासी प्रशांत उपाध्याय (32) एवं निखिल उपाध्याय के बीच वर्षों से जमीन का विवाद चल रहा है। इस मामले को लेकर दोनों पक्षों में एक माह पहले भी जमकर मार पीट हुई थी। जिसका मुकदमा पहले से चल रहा है। शनिवार की शाम प्रशांत बैरिया तिराहे पर अपने निजी कार्य से गए थे। जहां पहले से घात लगाए बैठे विपक्षी ने उन पर अचानक लाठी डंडे एवं चाकू से हमला बोल दिया। घटना की जानकारी होते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल सीएचसी पहुंचाया जहां अस्पताल के बाहर टहल रहे विपक्षी के चाचा हरेराम उपाध्याय (60) को घायल युवक के परिजनों ने जमकर धुनाई कर दिया। समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष से पुलिस को तहरीर नहीं मिली है। सीओ बैरिया उमेश कुमार ने बताया कि फायरिंग का मामला नहीं है। मारपीट का मामला है जिसकी छानबीन चल रही है।