हल्दी। थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार की रात छेड़खानी के विरोध करने पर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस दौरान पीड़ित पक्ष को दूसरे पक्ष ने लाठी-डंडे से मारपीट कर घायल कर दिया। इसमें तीन लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
थाना क्षेत्र के गांव में पीड़िता के पिता ने थाने में तहरीर दिया कि मेरी नाबालिग पुत्री दरवाजे पर पढ़ रही थी। इसी बीच पड़ोस के युवक ने अश्लील हरकतें की। तब तक मेरा लड़का वहां पर पहुंच गया और उस युवक का विरोध किया। उस समय तो वह भाग गया, लेकिन पुन: आधा दर्जन लोग लाठी-डंडे से लैस होकर दरवाजे पर चढ़ गए और मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गणेश प्रसाद (35), छट्ठू प्रसाद (32), द्वारिका प्रसाद (55) को घायलावस्था में जिला अस्पताल भेज कर इलाज कराया। गणेश की तहरीर पर सोमवार को पुलिस ने पाक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में सात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।