सिकंदरपुर। तहसीलदार कार्यालय में जाति प्रमाण-पत्र के लिए हंगामा करने वाली महिला पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। क्षेत्रीय लेखपाल की तहरीर पर पुलिस ने महिला पर सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जमुई गांव निवासी महिला रीना देवी पत्नी राजकुमार की ओर से जाति प्रमाण-पत्र बनाने के नाम पर प्रताड़ित करने और दुर्व्यवहार करने को लेकर तहसील कार्यालय में हंगामा किया गया था। महिला की सूचना पर तहसील में पुलिस पहुंची तो मामला उल्टा पड़ गया। महिला ने तहसीलदार प्रवीण सिंह पर गाली देने का आरोप लगाया। तैनात गार्ड पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया। महिला की ओर से और क्षेत्रीय लेखपाल सचिन यादव की ओर से सिकंदरपुर पुलिस को तहरीर दी गई। सिकंदरपुर पुलिस ने महिला रीना देवी पत्नी राजकुमार निवासी जमुई पर सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि तहसील कार्यालय में अभद्रता, गालीगलौज और सरकारी कार्य में बाधा डालने में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।