मनियर। प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम के तहत शनिवार को भाकपा माले मनियर इकाई के तत्वावधान में ब्लॉक मुख्यालय मनियर पर माले नेताओं ने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। इसके बाद राष्ट्रपति को संबोधित छह सूत्रीय मांग पत्र बीडीओ मनियर को सौंप क्षेत्र के विभिन्न समस्याओं पर आवाज उठाई।
धरना सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले के ब्लॉक सचिव कामरेड राधेश्याम चौहान ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार मिलकर देश की जनता को लूटने का काम कर रही हैं। उन्होंने तानाशाही सरकार की संज्ञा देते हुए कहा कि इस सरकार में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने ने जेएनयू के छात्र-छात्राओं के घटना का जिक्र करते हुए कहा कि अपनी मांग मांगने पर सरकार छात्रों पर लाठी चार्ज करती है व फर्जी मुकदमों में आरोपी बनाती है। सरकार शिक्षा को लगातार महंगी करती जा रही है। जिससे गरीब के बच्चे उच्च शिक्षा प्राप्त न कर सके। इस मौके पर वशिष्ठ राजभर, बसंत कुमार सिंह, चंद्रमा राम, राजेश वर्मा, राजेश गोंड, रामकिशुन राजभर, शंकर राजभर, श्रीभगवान चौहान, विनय राम आदि रहे। अध्यक्षता राधेश्याम चौहान और संचालन राजू राजभर ने किया।