कोर्ट के फैसले ने विविधता में एकता का दिया संदेश
अयोध्या मामले में कोर्ट के फैसले को सबने सराहा, कहा: ऐतिहासिक फैसला
अमर उजाला ब्यूरो
बलिया। अयोध्या मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले की सभी ने सराहना की है। कहा कि इस फैसले ने विविधता में एकता का संदेश दिया है। इसका दोनों पक्षों के लोगों ने स्वागत किया है।
अयोध्या मामले में सुप्रीम कोर्ट का फैसला शनिवार को आने की सूचना लोगों को शुक्रवार की रात ही मिल गई थी। पिछले कई दिनों से इसको देखते हुए जिला और पुलिस प्रशासन के लोग जगह-जगह मानिंद लोगों समेत आम लोगों ने सौहार्द का परिचय देने की अपील कर रहे थे। इसको देखते हुए स्कूल कालेज भी बंद कर दिए गए। शनिवार को साढ़े दस बजे अध्योध्या मामले का फैसला आना था लिहाजा लोग सुबह दस बजे से ही टीवी खोल लिया। सभी अयोध्या मामले का फैसला जानने को बेताब नजर आ रहे थे। बहुत से लोग तो सब काम छोड़ कर पल-पल की खबर जानने में जुटे रहे। सुप्रीम कोर्ट का फैसला जब आया तो सभी ने उसकी सराहना की। लोगों का कहना था कि सुप्रीम कोर्ट ने ऐतिहासिक फैसला देकर देश की भारतीय सांस्कृतिक विरासत को बरकरार रखा है। लोगों का कहना था कि राम जन्म भूमि मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले ने ये बता दिया कि ये देश धर्म निरपेक्ष है। कोर्ट ने फैसले से विविधता में एकता का संदेश देने का कार्य किया। एक तरफ तो रामलला की जन्म भूमि होने की बात को हिंदू वर्ग का विश्वास मानते हुए उनका मान रखा और राम मंदिर निर्माण का रास्ता साफ कर दिया। वहीं दूसरी ओर कोर्ट ने मुस्लिम समुदाय की भावनाओं का भी सम्मान रखा और सरकार को ये आदेश दिया कि इसके बदले में सुन्नी वक्फ बोर्ड को पांच एकड़ जमीन दिया जाए। उस जमीन पर वक्फ बोर्ड मस्जिद का निर्माण कराए। लोगों ने कहा कि इस फैसले से सामाजिक समरसता के साथ-साथ दोनों समुदाय के लोगों का सम्मान भी बढ़ेगा।
रसड़ा: अयोध्या मामले में कोर्ट का फैसला आने को लेकर प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने नगर में भ्रमण कर फैसले का सम्मान करने की अपील की। मनियर : उप जिलाघिकारी बांसडीह दुष्यंत कुमार, क्षेत्राधिकारी बांसडीह अशोक कुमार सिंह, बीडीओ, थानाध्यक्ष ने बड़ागावं, लोहटा, रामपुर दक्षिण, घोघा चट्टी, मुड़ियारी, मनियर बस स्टैंड, चान्दूपाकड़ चौराहे, परशुराम स्थान, पिलूइ बहदुरा, निपनिया आदि स्थानों पर चक्रमण किया।
रेवती: अयोध्या प्रकरण में फैसला आने के बाद नगर सहित ग्रामीण इलाकों में जनजीवन सामान्य रहा। बाजार की दुकानें अपने समय पर खुलीं। फैसला आने के पूर्व लोगों में फैसले के बाबत जानने की उत्सुकता नजर आई। फैसला आने के बाद भी जन जीवन सामान्य रहा। न्यायालय का निर्णय जानने को इच्छुक लोग अपने घरों में टीवी सेट से चिपके रहे।
सुबह सन्नाटा शाम को खुली दुकानें : नगरा। अयोध्या मामले में सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद क्षेत्र में सब कुछ सामान्य रहा। आमलोग दैनिक कार्यों में लगे रहे। जिला और पुलिस प्रशासन के अधिकारी चक्रमण कर सौहार्द की अपील करते रहे। फैसला आने से पहले नगरा बाजार में सन्नाटा पसरा रहा और छिटपुट दुकानें खुलीं। फैसला आने के बाद चट्टी चौराहों की दुकानें धीरे-धीरे खुलने लगीं और बाजारों में लोग दिखाई देने लगे। लोगों ने फैसले की सराहना की । उपजिलाधिकारी रसड़ा, नायब तहसीलदार रसड़ा, सीओ रसड़ा सहित नगरा पुलिस पूरे क्षेत्र में लगातार चक्रमण करती रही। दुबहर: अयोध्या मामले में आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले की सभी ने सराहना की। कुछ लोगों ने वर्षों से चल रहे विवाद के सुलझने पर खुशी जताते हुए मिठाई बांटी।