नगरा। थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती द्वारा मऊ जनपद के हलधरपुर थाना क्षेत्र के अईलख इमलिया निवासी युवक पर शादी का झांसा देकर दो वर्ष तक संबंध बनाने और जबरन बाइक पर बैठाकर भगाने का आरोप लगाया था। इसके बाद पुलिस के कड़े रुख अख्तियार करने व दो दिनों तक चली पंचायत के बाद युवक के परिजन शादी के लिए तैयार हो गए। शुक्रवार को रसड़ा स्थित श्रीनाथ बाबा मंदिर में युवक और युवती ने अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए और एक दूजे के हो गए।
नगरा थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती ने बुधवार को पुलिस को दिए तहरीर में आरोप लगाया था कि उसकी शादी 2016 में इटावा जिला में हुई थी। वह दो वर्ष तक अपने पति के साथ रही, इस बीच एक बच्ची भी पैदा हुई। किसी कारणवश दोनों के बीच का रिश्ता टूट गया तो उसका पति बच्ची को अपने साथ रख लिया और वह अपने माता पिता के घर आ गई। इसी बीच हलधरपुर थाना क्षेत्र के अईलख इमिलिया निवासी युवक उसके घर आने लगा और शादी करने की बात कहकर उससे संबंध बना लिया। यह संबंध करीब दो साल से चलता रहा। एक दिन पीड़िता को जबरन बाइक पर बैठाने लगा। पंचायत के बाद पीड़िता के परिजनों ने फोन कर डॉयल 112 को बुला लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को पकड़ कर थाने ले आई। इसके बाद पुलिस द्वारा युवक व उसके परिजनों के विरुद्ध कड़ा रुख अख्तियार करने व दोनों पक्षों के बीच दो दिनों तक चली पंचायत के बाद युवक के परिजन शादी के लिए तैयार हो गए। शुक्रवार को दोनों पक्ष राजी खुशी श्रीनाथ मठ रसड़ा पहुंचे। वहां महिला ने अग्नि को साक्षी मानकर युवक के साथ सात फेरे लिए तथा हमेशा के लिए एक दूजे के हो गए।