बलिया। जिला अस्पताल में कोविड जांच करवाने के नाम पर पैसा न देने पर दलालों ने तीमारदारों की पिटाई कर दी। इसमें एक युवक की हालत गंभीर होने पर परिजन उपचार के लिए वाराणसी लेते गए। वहीं पुलिस दलाल के एक साथी को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। पीड़ित तीमारदारों ने कोविड जांच के नाम पर पांच सौ रुपये जबरदस्ती मांगने और न देने पर मारपीट करने का आरोप लगाया।
बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के जानकी छपरा निवासी राहुल सिंह के 35 वर्षीय साले की मौत वाराणसी स्थित डीआरडीओ कोविड अस्पताल में उपचार के दौरान हो गई। दाह संस्कार के बाद मृतक के साथ में रहने वाले छोटे भाई सत्यव्रत सिंह व उनकी मां, राहुल सिंह कोरोना जांच करवाने के लिए बुधवार को जिला अस्पताल पहुंचे। उसी दौरान एक दलाल ने जांच करवाने के लिए प्रति व्यक्ति पांच सौ रुपये की मांग करने लगा। इसपर राहुल के छोटे साले ने जांच नि:शुल्क होने की बात कही। जिसपर दोनों में विवाद हो गया तो दलाल वहां से हट गया।
पूरा परिवार सैंपलिंग करवाने के बाद घर जा रहा था, अचानक दलाल व उसके साथ एक अन्य युवक सत्यव्रत सिंह को पीटने लगे। यह देख परिजन दौड़ कर पहुंचे तब तक दलाल भाग खड़ा हुआ, परिजनों ने उसके दूसरे साथी को दौड़ाकर पकड़ लिया। वहीं पुलिस मूकदर्शक बनी रही।