नवानगर। सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के रूद्रवार गांव में छत के ऊपर से घर में विद्युत तार खींचे जाने को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। इस दौरान दोनों पक्षों के नौ लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने ले आई तथा घायलों का इलाज के लिए सीएचसी सिकंदरपुर भेजा। इस मामले में दोनों पक्षों ने तहरीर पुलिस को तहरीर दी है।
थाना क्षेत्र के रूद्रवार निवासी हरेंद्र वर्मा के लड़की की शादी पिछले 14 मई को थी। आरोप है कि विपक्षियों के द्वारा रास्ते पर गड्ढा खोद दिया गया। जिसको लेकर आवागमन बाधित हुआ। जिससे दोनों पक्षों में तू- तू मैं-मैं होने लगी। बाद में गांव के संभ्रांत लोगों के समझाने बुझाने पर मामला शांत हो गया।
बुधवार को दूसरे पक्ष लल्लन वर्मा के लोगों का विद्युत तार तेज बहादुर वर्मा के छत के ऊपर से गुजरा था। तेज बहादुर वर्मा के परिवार के सदस्यों द्वारा तार को तोड़ दिया गया। जिसको लेकर दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। इस दौरान हुई मारपीट में एक पक्ष के अमित (28), सोनू वर्मा (26), कमलेश वर्मा (35), चिंता वर्मा (34) व रामनरेश वर्मा (60) गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दूसरे पक्ष से टिंकू वर्मा (30), रिंकू वर्मा (35) व पिंटू वर्मा (26), राकेश वर्मा (28) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत करा कर सभी को थाने लेकर आई तथा घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर भेजा।