दलपतपुर मौजा में बारिश के पानी से डूबा मक्के का खेत।
- फोटो : BALLIA
बैरिया। लगातार बारिश ने क्षेत्र में मक्का की खेती करने वाले किसानों की कमर तोड़ दी है। कई क्षेत्रों में बारिश के चलते मक्के की फसल डूब गई है जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
बताया जाता है कि अधिकांश किसानों ने एक पखवारा पहले मक्का की बोआई की थी। मक्का फसल छोटा ही सही उपज कर खेतों में लहलहा रहा था। लेकिन रविवार व सोमवार को हुई बारिश ने मक्के की फसल को तहस-नहस कर दिया। वहीं, दलपतपुर में पांच वर्ष पूर्व बने पोखरे की दीवार भी बारिश से गिर गई। दलपतपुर के किसान उमाशंकर पाल ने बताया कि दो दिनों की भारी बारिश से खेतों में जलभराव हो जाने से दो एकड़ मक्के की बर्बाद हो गई। दलपतपुर के ही किसान रामसिंगास पाल ने बताया कि इस बार प्राकृतिक आपदा रुकने का नाम नहीं ले रही है। पिछले दो दिनों की बारिश से डेढ़ एकड़ से अधिक में लगा मक्के की फसल चौपट हो गई है। इसी गांव के अर्जुन कुमार यादव ने कहा कि लॉकडाउन से गांव लौटने के बाद दो एकड़ में मक्के की बोआई भी किया तो बारिश ने इसे बर्बाद कर दिया। वशिष्ठ पाल ने बताया कि बटाई पर ढाई एकड़ खेत लेकर मक्का की खेती की थी जो बारिश से धुल गई।