राजकीय इंटर कालेज में यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए कापी वितरण करते कर्मचारी।
- फोटो : BALLIA
बलिया। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए कापियों का वितरण जीआईसी बलिया से गुरुवार से शुरु कर दिया गया। परीक्षा के लिए प्रश्न पत्रों के खेप भी जिला मुख्यालय पर पहुंचने लगे हैं। यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होकर 6 मार्च तक चलेगी। इसके लिए जनपद में कुल 213 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। शिक्षा माफियाओं पर नकेल कसने के लिए इस बार इंटरमीडिएट और हाईस्कूल के छात्रों को ‘ए% कॉपी कोडेड व सफेद रंग की होने साथ ही ‘बी% कॉपी भी कोडेड और दो रंगों में होंगी। इंटर की बी कॉपी का रंग हरा और हाईस्कूल की बी कॉपी का रंग नीला होगा।
इस व्यवस्था से नकल माफिया कहीं बाहर से कॉपी लिखवा कर जमा नहीं करा पाएंगे। इसलिए कि कॉपी वितरण केंद्र पर सभी केंद्रों पर कोडेड कापियां रहेंगी, गड़बड़ी करने पर पता चल जाएगा कि संबंधित कॉपी किस सेंटर के लिए जारी गई थी। इसके अलावा सभी सेंटरों पर सीसी कैमरा आदि की तैयारियां भी पूरी कर ली गई है। सभी कैमरों को जिला मुख्यालय के कंट्रोल रूम से भी जोड़ा गया है, ताकि परीक्षा केंद्रों की सभी गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
परीक्षा की सभी तैयारियां पूर्ण: डीआइओएस : जिला विद्यालय निरीक्षक भास्कर मिश्र ने कहा कि वर्ष 2020 की परीक्षा में अनुचित साधन का प्रयोग करने पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा केंद्र पर नियुक्त कक्ष निरीक्षक, पहचान पत्र सहित आधार कार्ड के साथ कक्ष निरीक्षक का कार्य करते हुए नकलविहीन परीक्षाएं संपादित कराएंगे। परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटो स्टेट मशीनें व साइबर कैफे परीक्षा अवधि में बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। जनपद के कुल 213 परीक्षा केंद्रों पर बोर्ड परीक्षा संपादित कराई जानी है। सभी तरह की तैयारियों पूर्ण कर ली गई है।