बैरिया। एनएच-31 से शोभाछपरा गांव होते हुए बीएसटी बंधा तक जाने वाली सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। सड़क का प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना से काम हो रहा था। इसमें ठेकेदार पर मानकों का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने एक सप्ताह पूर्व काम रोक दिया था। अब ठेकेदार काम बंद कर गायब हो गया है।
राष्ट्रीय राजमार्ग-31 जिन बाबा के स्थान से शोभा छपरा होते हुए बीएसटी बंधा तक जाने वाली प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क काफी दिनों से क्षतिग्रस्त है। इससे लोगों के आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है। लोगों का आरोप है कि पिछले दिनों ठेकेदार सड़क मरम्मत के नाम पर कोरम पूरा कर रहा था। मरम्मत के बावजूद सड़क पर गड्ढे बरकरार थे। गांव निवासी पूर्व सैनिक संगठन बैरिया के तहसील अध्यक्ष सत्यनारायण सिंह, संतोष सिंह, बसंत सिंह, रामजी सिंह, संजय सिंह, रतन चौधरी, उपेंद्र यादव, व बबलू सिंह आदि ने इसका विरोध किया। कहा कि मानक के अनुसार कार्य होने चाहिए। इस पर ठेकेदार चला गया। तब से काम रुका पड़ा है। इन लोगों ने जिला अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर हस्तक्षेप की गुहार लगाई है।