नवानगर (बलिया)। क्षेत्र के कड़सर विद्युत उपकेंद्र पर कार्यरत एक संविदा विद्युत कर्मी एचटी करेंट की चपेट में आने से गंभीर रुप से झुलस गया। आसपास के लोगों ने विद्युत कर्मी को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकन्दरपुर लाए। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
बताया जाता है कि डकीनगंज निवासी व विद्युत उपकेंद्र कड़सर पर तैनात संविदा विद्युत कर्मी अजीत वर्मा (30) सोमवार की शाम विद्युत उपकेंद्र से ननहुल फीडर पर काम करने गया था। इसके लिए ड्यूटी पर तैनात एसएसओ विजय शंकर मिश्रा से डेढ़ घंटे का शटडॉउन भी लिया था। उसी अवधि में खंभे पर तार जोड़ते समय एसएसओ द्वारा विद्युत सप्लाई चालू कर दी गई। जिसकी चपेट में आकर वह गम्भीर रूप से झुलस गया तथा जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों की सहायता से साथी विद्युतकर्मियों ने आनन फानन में उसे अचेतावस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सिकन्दरपुर पहुंचाया।