बेल्थरारोड। क्षेत्र में प्रस्तावित 36 घंटे की बिजली कटौती को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। ट्रांसमिशन लाइन के अनुरक्षण कार्य के चलते यह कटौती प्रस्तावित थी। इस फैसले से हजारों उपभोक्ताओं को राहत मिली है। इस दौरान नियमित रोस्टर के मुताबिक सुबह 7 से 11 बजे की कटौती जारी रहेगी।
यूपी पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड ने 14 से 15 जुलाई तक ट्रांसमिशन लाइन और ट्रांसफार्मरों के अनुरक्षण कार्य के लिए बेल्थरारोड सहित 11 विद्युत उपकेंद्रों में 36 घंटे की बिजली कटौती बाधित करने की सूचना जारी की थी, लेकिन विभाग ने एक नई सूचना जारी कर प्रस्तावित शटडाउन को स्थगित करने की घोषणा की। जेई विद्युत रामविलास खरवार ने बताया कि 36 घंटे की बिजली कटौती फिलहाल टाल दी गई है। अनुरक्षण कार्य की नई तिथि की घोषणा बाद में की जाएगी। कटौती स्थगित होने की सूचना से उपभोक्ताओं ने राहत महसूस किया। क्षेत्र में फिलहाल पूर्व निर्धारित रोस्टर के अनुसार आपूर्ति संचालित की जाएगी।