बैरियां। एसडीएम न्यायालय के आदेश पर तहसीलदार शिवसागर दुबे ने बलिहार मौजा में पैमाइश कराकर कटान पीड़ित को कब्जा दिलाया था। निर्माण कार्य भी शुरू हो गया। बृहस्पतिवार को जैसे ही निर्माण शुरू हुआ, 25 से 30 की संख्या में लाठी-डंडे से लैस दबंगों ने तोड़फोड़ कर पथराव कर दिया। इससे निर्माण कार्य रुक गया। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई है।
पांच वर्ष पूर्व चौबेछपरा निवासी हृदयानंद मिश्र, अमरनाथ मिश्र और मंजू देवी पत्नी स्व. शशिकांत मिश्र के मकान गंगा नदी में समा गए थे। यह परिवार रिश्तेदारों के यहां शरण लिए हुए हैं। कटान पीड़ितों की ओर से घर बनाने के लिए बलिहार मौजा में जमीन की खरीद की गई। दबंग कब्जा दखल में गतिरोध करते रहे। एसडीएम बैरिया के आदेश पर 28 मार्च को तहसीलदार शिवसागर दुबे ने पैमाइश कराई। इसके बाद भी विपक्षी गतिरोध पैदा करते रहे। एक बार फिर बुधवार को तहसीलदार शिवसागर दुबे ने शिकायतकर्ता विपक्षी चंदन पांडेय और राकेश पांडेय की भूमि की पैमाइश कर शिकायतों का निस्तारण कर दिया। कटान पीड़ितों को निर्माण कार्य करने का आदेश दिया। पुलिस की मौजूदगी के वजह से सब कुछ शांत रहा। दूसरे दिन जब निर्माण कार्य शुरू हुआ तो दबंगों ने ठप करा दिया। कटान पीड़ित जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। थानाध्यक्ष हल्दी राजकुमार सिंह ने कहा कि विवाद होने की सूचना मिली है। नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।