बलिया। ग्राम्य विकास, पंचायती राज एवं नियोजन विभाग की समीक्षा बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में हुई। समीक्षा में सामने आया कि 62 पंचायत भवनों का निर्माण पूरा नहीं हो सका है। इनमें हनुमानगंज में 4, सोहाव में 2, दुबहर में 3 और अन्य ब्लाकों में एक-एक पंचायत भवन अपूर्ण हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि 31 जनवरी तक निर्माण कार्य पूर्ण नहीं होने की स्थिति में संबंधित खण्ड विकास अधिकारी जिम्मेदार होंगे।
बैठक में कई विकास खंडों में खराब प्रगति पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। जिम्मेदार अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। स्वयं सहायता समूहों के गठन की समीक्षा में ब्लाक हनुमानगंज, बेलहरी, चिलकहर, बेरुआरबारी और मनियर में लक्ष्य के सापेक्ष खराब प्रगति पाई गई। बीएमएम को लक्ष्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश देते हुए चेतावनी दी गई कि लापरवाही पर कार्रवाई की जाएगी।
सामुदायिक निवेश निधि में हनुमानगंज, बेलहरी और चिलकहर की प्रगति असंतोषजनक पाई गई। लखपति दीदी योजना में हनुमानगंज, बेलहरी, चिलकहर और दुबहर में खराब प्रगति पर संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। जीरो पावर्टी प्रगति में चिलकहर, पंदह, नवानगर और नगरा में कार्य की गति धीमी पाए जाने पर तेजी लाने को कहा गया। इसके साथ डीएम ने निर्देश दिए कि 940 ग्राम पंचायतों में कार्यरत पंचायत सहायकों की प्रोफाइल अपडेट की जाए, रिक्त पदों व नियुक्ति प्रक्रिया की रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। सभी पंचायत भवनों में सीसीटीवी कैमरा व वाई-फाई संचालन हो। वित्तीय वर्ष 2025-26 के पंचम और 15वें वित्त आयोग की प्रगति में विकास खंड सोहाव, पंदह एवं नवानगर में खराब स्थिति पाए जाने पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रगति 90 प्रतिशत से कम नहीं होनी चाहिए।
स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत ओडीएफ प्लस मॉडल ग्राम पंचायतों में आरआरसी केंद्रों के निर्माण को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। सामुदायिक शौचालय निर्माण में 27 ग्राम पंचायतों में अब तक कार्य पूर्ण नहीं होने पर चिंता जताई गई। इनमें दुबहर में 8, सोहाव में 6, बेलहरी में 4, बांसडीह में 3, नगरा में 1 और रसड़ा में 1 शामिल हैं। भूमि उपलब्ध न होने के कारण निर्माण अधूरा होने पर जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर भूमि उपलब्ध नहीं कराई गई तो संबंधित बीडीओ, एसडीएम एवं लेखपाल का वेतन रोक दें। बैठक में सीडीओ ओजस्वी राज डीडीओ आनंद प्रकाश एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।